राजस्थान में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने राज्य के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इस अभियान में करीब 50 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं।
एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि अतिरिक्त महानिदेशक के मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत पांच अलग-अलग कार्रवाइयों में गांजा, डोडा-चूरा और स्मैक बरामद की गई। साथ ही एक फॉर्च्यूनर और दो बोलेरो वाहन जब्त किए गए तथा सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
उदयपुर: 30 किलो गांजा के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार
पहली कार्रवाई उदयपुर जिले में की गई, जहां टीम को सूचना मिली कि कुछ लोग भंगार के कारोबार की आड़ में गांजा तस्करी कर रहे हैं। निगरानी के बाद एक पिकअप बोलेरो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें करीब 29 किलो 50 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी भंगार खरीदने-बेचने का काम करते हुए उसी की आड़ में गांजा लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचते थे।
भीलवाड़ा: 57 किलो डोडा-चूरा के साथ लग्जरी कार जब्त
दूसरी कार्रवाई भीलवाड़ा जिले में की गई। मेगा हाईवे पर एक फॉर्च्यूनर कार में डोडा-चूरा ले जाए जाने की सूचना पर नाकाबंदी की गई। चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर वाहन को कब्जे में लिया गया। कार से 57 किलो 120 ग्राम डोडा-चूरा बरामद हुआ। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
चित्तौड़गढ़: होटल के पास झाड़ियों से 36 किलो डोडा-चूरा बरामद
तीसरी कार्रवाई चित्तौड़गढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 के पास की गई। एक होटल के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया 36 किलो 980 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया गया।
जांच में संकेत मिले हैं कि हाईवे के ढाबों की आड़ में ट्रक चालकों को नशीले पदार्थ की आपूर्ति की जा रही थी।
डीग (भरतपुर): 850 ग्राम गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
चौथी कार्रवाई डीग जिले में की गई, जहां बोलेरो से गांजा सप्लाई किए जाने की सूचना पर टीम ने घेराबंदी की। तलाशी में 850 ग्राम गांजा बरामद हुआ और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जयपुर: महिला तस्कर के पास से स्मैक बरामद
पांचवीं कार्रवाई जयपुर शहर में की गई। वेदपुरी कॉलोनी में एक महिला द्वारा स्मैक बेचने की सूचना पर निगरानी रखी गई। मौके पर दबिश देकर 8 ग्राम स्मैक बरामद की गई और आरोपी महिला को गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ और शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।
सूचना देने की अपील
आईजी एएनटीएफ विकास कुमार ने आम जनता से अपील की है कि मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को एएनटीएफ कंट्रोल रूम नंबर 0141-2502877 या व्हाट्सऐप नंबर 9001999070 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

