भारत में अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस का आचरण विवादित:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा;कांग्रेस पर आरोप—राजनीतिक स्वार्थ को राष्ट्रहित से ऊपर रखना,देश की छवि धूमिल करने का प्रयास

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 20 फरवरी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इंडिया एआई इंपैक्ट समिट 2026 के प्रतिष्ठित और गौरवशाली अंतरराष्ट्रीय मंच पर कांग्रेस के आचरण को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि जब पूरा विश्व भारत की तकनीकी प्रगति, नवाचार क्षमता और उज्ज्वल भविष्य की सराहना कर रहा है, उस समय कांग्रेस द्वारा देश की छवि को धूमिल करने का यह प्रयास निंदनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समिट में विश्वभर से आए विदेशी प्रतिनिधि, निवेशक और दिग्गज तकनीक विशेषज्ञ भारत की बढ़ती वैश्विक साख, डिजिटल क्रांति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में उभरती नेतृत्वकारी भूमिका पर सकारात्मक चर्चा कर रहे थे। ऐसे अवसर पर भी कांग्रेस ने अंतरराष्ट्रीय मंच से देश की छवि को नीचा दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।

शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का यह रवैया नया नहीं है। कांग्रेस ने व्यापार समझौतों पर भ्रम फैलाने से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ और गलवान में वीरता दिखाने वाले सैनिकों के शौर्य पर प्रश्नचिह्न लगाने तक, अनेक अवसरों पर राष्ट्रहित से ऊपर अपने राजनीतिक स्वार्थ को प्राथमिकता दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस ने करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान को चुनौती दी है। भारत की प्रतिष्ठा किसी दल की नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक अस्मिता से जुड़ी है। इसे आहत करने का अधिकार किसी को नहीं है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व को बिना विलंब देशवासियों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। जनता कांग्रेस की इस नकारात्मक और अवसरवादी राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेगी।