शिवदासपुरा थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा
प्रहलादपुरा के पास रिंग रोड से नीचे नाले में गिरी कार, हादसे में 7 लोगों की दर्दनाक मौत
जयपुर। राजधानी जयपुर के शिवदासपुरा थाना इलाके में देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। प्रहलादपुरा के पास रिंग रोड से नीचे नाले में गिरने से कार में सवार 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी लोग हरिद्वार से लौट रहे थे।
आज दोपहर करीब 12:30 बजे एक युवक ने नाले के पानी में डूबी कार देख पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन की टीम ने नाले से कार को बाहर निकाला और मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेजा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक शाहपुरा और जयपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

