भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने मंगलवार को चूरू और सीकर का दौरा किया। सीकर भाजपा जिला कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया गया। नवनिर्वाचित जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूल मालाओं और पार्टी के दुपट्टे से प्रदेशाध्यक्ष का अभिनंदन किया।
मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के कामकाज और आगामी रणनीतियों पर चर्चा की। उन्होंने जिलाध्यक्ष मनोज बाटड़ को बधाई देते हुए कहा, “बाटड़ के नेतृत्व में संगठन और मजबूत होगा। भाजपा का अनुशासित संगठन और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही उसकी असली ताकत है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी की विचारधारा को आगे बढ़ाने और हर क्षेत्र में भाजपा का परचम लहराने का आह्वान किया।
इस मौके पर धोद विधायक गोरधन वर्मा, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वदेश शर्मा, और अन्य वरिष्ठ नेताओं समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

