दिल्ली दौरे पर CM भजनलाल शर्मा की पीएम मोदी,अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात;कृषि-पशुपालन से लेकर राज्य के विकास एजेंडे पर हुई व्यापक चर्चा

Front-Page Jaipur National Rajasthan

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में अपने व्यस्त दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में राज्य की डबल इंजन सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और राजस्थान के विकास रोडमैप की जानकारी दी। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश तेजी से प्रगति के पथ पर बढ़ता रहेगा।

संसद भवन में मुख्यमंत्री ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ से भी भेंट की, जहाँ राजस्थान के समग्र विकास और केंद्र-राज्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर राज्य में सुशासन, सहकारिता और विकास से जुड़े नवाचारों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और स्वास्थ्य क्षेत्र में चल रहे सुधारों पर विचार-विमर्श किया। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से बातचीत के दौरान राज्य में कुशल वित्त प्रबंधन और जीएसटी सुधारों पर चर्चा हुई।

नई दिल्ली दौरे में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मत्स्यपालन, पशुपालन, डेयरी एवं पंचायतीराज मंत्री राजीव रंजन सिंह के साथ भी अहम बैठक की। बैठक में किसानों और पशुपालकों के हित से जुड़े मुद्दों, केंद्र की योजनाओं की प्रगति और पंचायतीराज संस्थाओं को और सशक्त बनाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में अटल ज्ञान केंद्र की स्थापना में सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार जताया।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में सीएम शर्मा ने कहा कि राज्य की डबल इंजन सरकार त्वरित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कैमल मिल्क और इसके उत्पादों के राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रभावी विपणन की दिशा में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। साथ ही पशुपालन और डेयरी क्षेत्र को गति देने के लिए कई योजनाएं लागू की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों की आय बढ़ाने और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की दिशा में काम कर रही हैं।