भाजपा 17 सितंबर से शुरू करेगी ‘सेवा संकल्प अभियान’,17 अक्टूबर तक होंगे सेवा प्रकल्प

Jaipur Rajasthan

जयपुर, 13 सितंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन 17 सितंबर से राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। सेवा संकल्प अभियान को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक के 25 सालों के राजनीतिक सेवा कार्यों को भाजपा जन—जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से एक माह का राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू कर रही है। 17 सितंबर से शुरू होने वाला अभियान 17 ​अक्टूबर तक चलाया जाएगा। देश में गुजरात मॉडल को विशिष्ठ पहचान दिलाने से लेकर विश्व में भारत की प्रतिष्ठा, गौरव बढ़ाने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शुरू होने वाले सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बाल्यकाल से ही बहुमुंखी प्रतिभा के धनी रहे। साहसी, दृढनिश्चय, निडर, सेवाभावी, परोपकारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत रहा। ऐसे में हम सभी उनके जन्मदिन पर इस बार सेवा पखवाडा नहीं, सेवा का एक माह विविध कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान संगठन और सरकार के स्तर पर प्रदेश से लेकर बूथ तक मनाया जाएगा। इसमें भाजपा के प्रदेश स्तरीय कार्यकर्ता से लेकर सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधिगण अपनी सहभागिता निभाएंगे।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को 25 साल सेवा, सुशासन और जनकल्याण के तौर पर​ दिए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाते है। ऐसे में भाजपा देश—प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान के तहत 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक विविध प्रकल्पों के माध्यम से आमजन तक मोदी की जनहितैषी योजनाओं को पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राजस्थान से विशेष लगाव रहा है, गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी बिना मांग के उन्होंने राजस्थान को नर्मदा का पानी देने का कार्य किया था। नर्मदा का पानी ही नहीं, मोदी जी ने राजस्थान को समय और आवश्यकता से अधिक दिया। ऐसे में हम उनका जन्मदिन सेवा संकल्प अभियान के तौर पर वृहद स्तर पर मनाएंगे।

मुख्यमंत्री भजललाल शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान का आगाज 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से किया जाएगा। इस दिन शाम को 7 बजे सभी एक दीया जाएंगे। इसके बाद मेरे सपनों का भारत—चित्र सेवा, नमो सेवा अनकही कहानियां, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग—राष्ट्र के संग, सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जांएगे।

मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि मेरे सपनों का भारत कार्यक्रम के दौरान स्कूली स्तर पर विकसित भारत संकल्प और 25 साल सेवा के विषय पर चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें सरकार के शिक्षा विभाग से लेकर संगठन स्तर पर विभिन्न मोर्चा के कार्यकर्ताओं की सहभागिता रहेगी। इसके साथ अनकही कहानियां कार्यक्रम में राजस्थान के गांव—गांव तक नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और उनसे आए बदलावों की कहानियां को पहुंचा जाएंगा। इसके अलावा आंगन मिलन सेवा अभियान में आंगनवाडी कार्यकर्ताओं, आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया जाएगा। सेवा कहानी कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं से लाभार्थियों के जीवन में आए बदलाव को जन जन तक पहुंचाया जाएगा। सेवा ज्योति यात्रा में विकसित भारत के संकल्प को जन जन तक पहुंचाना है। वहीं वडनगर वाराणसी सेवा यात्रा में प्रधानमंत्री की सार्वजनिक जीवन यात्रा और देश की सांस्कृतिक एकता के भाव को अभिव्यक्त किया जाएगा। इसमें विभिन्न टोलियां वडनगर से वाराणसी के बीच यात्रा करेगी और विभिन्न मार्गों से होते हुए जल कलश से शिव का अभिषेक किया जाएगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बताया कि सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम में समाज में बदलाव के लिए सेवा कार्य किए जाएंगे। इसमें पहले और बाद का स्पष्ट सकारात्मक बदलाव दिखाया जाएगा। सेवा सेतु अभियान में प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर शिविरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक स्थान पर उपलब्ध कराया जाएगा। पात्र व्यक्ति को योजना की जानकारी, आवेदन, लाभ प्राप्त करने की प्र​​​क्रिया में सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार ने पहले भी कृषि शिविर, शहरी शिविर और ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित किए। सेवा के रंग राष्ट्र के संग अभियान में रंगोली, लोककला और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाया जाएगा। वहीं सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स और नवाचारकर्ताओं की प्रतिभा को जनसेवा से जोड़ा जाएगा। अभियान के अंत में सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस अभियान को हम सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के महाभियान के रूप में आगे बढ़ाएंगे। मोदी जी के सेवा संकल्पों से प्रेरणा लेकर राजस्थान भी सेवा, सुशासन और विकास की अपनी यात्रा को नई गति देगा।