राजस्थान हाईकोर्ट (जयपुर) को शुक्रवार सुबह एक ई-मेल के ज़रिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। मेल में तमिलनाडु सरकार और नाबालिगों से जुड़े अपराधों को लेकर नाराज़गी जताई गई थी। आरोपी ने मेल में तत्काल बिल्डिंग खाली करने की चेतावनी दी।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही हाईकोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के तहत सभी लोगों को तुरंत बिल्डिंग से बाहर निकाल दिया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को घेर लिया है।
डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि बिल्डिंग में डॉग स्क्वॉड और बम डिस्पोज़ल टीम सर्च अभियान चला रही है, जबकि बाहर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद हैं।
सुरक्षा कारणों से आम लोगों को कोर्ट परिसर से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस बीच, साइबर टीम ने धमकी भरे ई-मेल की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि संदेश किस आईपी एड्रेस से भेजा गया था।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

