जयपुर में होटल हॉलिडे इन को मिला धमकी भरा ईमेल, पुलिस ने खाली करवाया होटल, गृह राज्य मंत्री भी थे होटल में, एक अन्य होटल को भी मिला मेल

Front-Page Jaipur Rajasthan

जयपुर : जयपुर के 22 गोदाम स्थित होटल हॉलिडे-इन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। धमकी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत होटल को खाली करवाया और जांच शुरू की । हॉलिडे-इन होटल को शनिवार सुबह 10.30 बजे धमकी भरा मेल मिला।

जब होटल में वार्निंग सायरन बजा तब होटल में एक निजी न्यूज चैनल का कार्यक्रम चल रहा था और इस कार्यक्रम में राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेडम सहित मंत्री गौतम दक, केक विश्नोई और अविनाश गहलोत भी मौजूद थे ।

धमकी की जानकारी गृह राज्यमंत्री को पुलिस द्वारा देने के बाद कार्यक्रम में स्वयं गृह राज्यमंत्री ने सभी को इस बारे में सूचित करते हुए सभी से तुरंत होटल खाली करने को कहा और इसके बाद चारों मंत्री और अन्य लोग होटल से निकल गए। मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ता और एटीएस सहित कई टीमें ने जांच शुरू की ।

वहीं, दिल्ली रोड पर मौजूद रैफल्स होटल को धमकी का मेल 12.05 मिनट पर मिला था। दोनों ही होटल्स में एटीएस और बम स्क्वॉयड की टीम पहुंच गई हैं। होटल्स के स्टाफ व गेस्ट को बाहर निकाला गया है। कई सीनियर अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।

पहले भी मिली है जयपुर में धमकियाँ

इससे पहले शुक्रवार सुबह 2 कोर्ट में बम ब्लास्ट की धमकी मिली थी। इनमें एक जयपुर मेट्रो कोर्ट और एक फैमिली कोर्ट थी। धमकी भरे ई-मेल के बाद हड़कंप मच गया था। मेल में शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक 3 आईडी से दो कोर्ट में धमाके करने की जानकारी थी। मेल भेजने वाले ने खुद को पूर्व नक्सली बताया था। सुबह मेल मिलने के बाद पूरे परिसर को खाली कराया गया था। मौके पर पहुंचे बम और डॉग स्क्वॉयड ने फैमिली कोर्ट में करीब चार घंटे सर्च किया था। वहीं, जयपुर मेट्रो कोर्ट में करीब एक घंटे तक सर्च करने के बाद परिसर को सेफ बताया था।

इससे पहले 13 मई, 12 मई और 8 मई को सवाई मानसिंह स्टेडियम को उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसमें 13 मई को मिले मेल में बम से उड़ाने की धमकी के साथ ही रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई थी 9 मई को जयपुर मेट्रो को बम से उड़ने की धमकी मिली थी। जयपुर मेट्रो की मेल आईडी पर ईमेल मिला था। इसमें ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद जयपुर मेट्रो स्टेशन और ट्रेन दोनों को उड़ाने की धमकी दी गई थी। लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला था।

कौन भेज रहा है ये धमकी वाले मेल ?

अब तक जयपुर में विभिन्न जगहों पर करीब 7 ऐसे मेल मिले हैं जिसमें बम ब्लास्ट करने की धमकियाँ मिली हैं और पुलिस ने भी तत्परता बरते हुए उस स्थान की तलाशी ली है लेकिन जांच में कुछ नहीं मिला लेकिन आज तक भी पुलिस डिपार्ट्मन्ट इस बाद को बता नहीं पाया कि आखिर ये धमकी भरे मेल भेजे कहाँ से जा रहे हैं ? और इस मामले में अभी तक एक भी गिरफ़्तारी नहीं हुई है । जबकि पुलिस के पास पूरी साइबर टीम मौजूद है।