पाकिस्तान ने बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार शॉ को रिहा कर दिया है। बुधवार को वे अटारी-वाघा बॉर्डर के ज़रिए भारत लौटे। बीएसएफ ने जवान की रिहाई की पुष्टि करते हुए बताया कि वह पिछले 20 दिनों से पाकिस्तानी रेंजर्स की हिरासत में थे।
23 अप्रैल को पूर्णम शॉ गलती से सीमा पार कर पाकिस्तान चले गए थे, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया था। पाकिस्तान की ओर से उनकी तस्वीरें भी जारी की गई थीं, जिनमें एक तस्वीर में वह पेड़ के नीचे खड़े थे और उनकी राइफल, बैग और पानी की बोतल ज़मीन पर पड़ी थी, जबकि दूसरी तस्वीर में उनकी आंखों पर पट्टी बंधी थी।
डीजीएमओ स्तर की बातचीत के बाद उनकी रिहाई संभव हो सकी। लौटने के बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है और पूछताछ के बाद उन्हें घर भेजा जाएगा।
हज यात्रियों की फ्लाइट्स फिर शुरू, ऑपरेशन सिंदूर के चलते हुई थीं रद्द
भारत-पाकिस्तान सीजफायर के बाद जम्मू-कश्मीर से हज यात्रियों की उड़ानें फिर शुरू हो गई हैं। बुधवार को श्रीनगर से हज यात्रियों का दूसरा जत्था सऊदी अरब के मक्का के लिए रवाना हुआ। पहला जत्था 4 मई को रवाना हुआ था, लेकिन ऑपरेशन सिंदूर के चलते 7 और 12 मई को निर्धारित सात फ्लाइट्स रद्द कर दी गई थीं।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर मंगलवार से सामान्य उड़ानें दोबारा शुरू की गई हैं।
इस बीच, अमृतसर एयरपोर्ट पर भी मंगलवार-बुधवार की रात पहली फ्लाइट उतरी। यह कतर एयरवेज की थी। इंडिगो ने भी बुधवार से पंजाब के लिए उड़ानों की बहाली की घोषणा की है।

