राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस नेता संदीप चौधरी के घर लूट की वारदात सामने आई है। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में बुधवार सुबह नेपाली मूल के एक नौकर दंपति ने उनके घर को निशाना बनाया। आरोप है कि उन्होंने नेता की मां और पत्नी को चाय में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश किया और लूटपाट कर फरार हो गए।
पुलिस के मुताबिक, संदीप चौधरी की मां कृष्णा (75) और पत्नी ममता (43) को सुबह करीब 7:30 बजे चाय दी गई, जिसमें नशीला पदार्थ मिलाया गया था। उनके बेहोश होते ही आरोपी दंपति ने दो अन्य साथियों को बुलाया और मिलकर घर में लूटपाट की। घटना के वक्त संदीप चौधरी घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनके दो बच्चे सो रहे थे।
बताया जा रहा है कि नेपाली दंपति को परिवार ने महज 10 दिन पहले खाना बनाने के लिए नौकरी पर रखा था। वारदात के बाद चारों आरोपी फरार हैं। जयपुर पुलिस ने शहरभर में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
बेहोश अवस्था में मिलीं कृष्णा और ममता को इलाज के लिए मेट्रो मास हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। संदीप चौधरी बंजर भूमि विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं।

