जयपुर। राजस्थान के जयपुर जिले के मनोहरपुर इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब मजदूरों से भरी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। बिजली का करंट लगने से बस में आग लग गई, जिसमें दो मजदूरों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 से अधिक लोग झुलसकर घायल हो गए।
गंभीर रूप से झुलसे घायलों को जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल रेफर किया गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब टोडी इलाके के एक ईंट भट्टे पर मजदूरों को लेकर बस जा रही थी।
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जयपुर जिला कलेक्टर जितेंद्र सोनी और सिविल डिफेंस की टीम भी राहत कार्यों की निगरानी के लिए रवाना हो गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि यह पिछले 15 दिनों में देशभर में मजदूरों से जुड़ा पांचवां बड़ा हादसा है। SMS अस्पताल प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है और घायलों के उपचार के लिए विशेष चिकित्सा दल तैनात किया गया है।

