राजस्थान के जोधपुर में जोधपुर–जैसलमेर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-125) पर मंगलवार शाम एक निजी बस और ट्रेलर की आमने-सामने की भीषण टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हो गए। हादसा केरू गांव की सीमा में सुनारों की प्याऊ के पास मुलानाडा रॉयल्टी नाके के नजदीक शाम करीब साढ़े चार बजे हुआ।
पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए उन्हें जोधपुर के मथुरादास माथुर (एमडीएम) अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि कुल 25 घायलों को लाया गया था, जिनमें से चार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि 21 का उपचार जारी है।
बताया गया है कि निजी बस में सवार सभी यात्री गुजरात के अरवल्ली जिले के रमणा रूपण गांव के निवासी थे। वे जैसलमेर स्थित रामदेवरा में बाबा रामदेव के दर्शन कर वापस गुजरात लौट रहे थे। बस में कुल 47 यात्री सवार थे।
हादसे के दौरान एक बाइक सवार सरकारी शिक्षक भी चपेट में आ गए, जिनके पैर का पंजा कटकर अलग हो गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान अरवल्ली और साबरकांठा जिले के निवासियों के रूप में की है। मामले की जांच की जा रही है।

