भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के भरोसेमंद बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि भारतीय जर्सी पहनना और मैदान पर देश का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा।
पुजारा ने 2010 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु टेस्ट से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका आखिरी मैच जून 2023 में खेला गया। 15 साल लंबे करियर में उन्होंने भारत के लिए 103 टेस्ट मैच खेले और 43.60 की औसत से 7,195 रन बनाए, जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 206* रन रहा। पुजारा ने 5 वनडे मैच भी खेले, लेकिन टी-20 इंटरनेशनल में उन्हें मौका नहीं मिला।
अपने विदाई संदेश में पुजारा ने लिखा, “हर अच्छी चीज का अंत होता है। मैं दिल से आभारी हूं और सभी फॉर्मेट से क्रिकेट को अलविदा कहने का फैसला लिया है।” उन्होंने BCCI, सौराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन, कोचों, टीममेट्स, सपोर्ट स्टाफ और प्रशंसकों का धन्यवाद किया।
भारत के लिए कई यादगार पारियां खेलने वाले पुजारा टेस्ट क्रिकेट में दीवार माने जाते थे और 2018-19 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज़ जीत में उनका योगदान अहम रहा।

