भ्रष्टाचार पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का कांग्रेस पर तीखा हमला,बोले– “लूट और झूठ का खेल नहीं चलेगा”

Jaipur Rajasthan


राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि अगर प्रदेश और देश में भ्रष्टाचार की आदत किसी पार्टी ने डाली है, तो वह कांग्रेस है, और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि चाहे व्यक्ति कितना भी बड़ा क्यों न हो, भ्रष्टाचार, लूट और झूठ का खेल अब नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी भ्रष्टाचार की बात होती है, तो कांग्रेस नेताओं को तकलीफ होती है।

भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग केवल बयानबाज़ी करते हैं, जबकि कुछ के पास कहने को कुछ नहीं होता और वे सिर्फ सोशल मीडिया पर ट्वीट करते रहते हैं। उन्होंने कांग्रेस को खुली चुनौती देते हुए कहा कि चर्चा के लिए वे सदन के भीतर भी तैयार हैं और सदन के बाहर भी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश और प्रदेश को लूटा है और अब वही लोग सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि उनकी सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाएगी और इसमें किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी।