चित्तौड़गढ़ स्वदेशी महोत्सव:शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने की स्वदेशी खरीदारी,स्कूलों में महाराणा प्रताप राज्यारोहण दिवस मनाने की घोषणा

Rajasthan Rajasthan-Others

चित्तौड़गढ़ में आयोजित राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव के समापन समारोह में शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया। मेले के अवलोकन के दौरान उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर जाकर उत्पादों की जानकारी ली और उत्तर प्रदेश के कानपुर से आई हथकरघा महिला विक्रेता से अपनी पत्नी के लिए तीन साड़ियां खरीदीं। मंत्री ने साड़ियों का भुगतान अपनी जेब से किया।

मंत्री दिलावर ने कहा कि चित्तौड़गढ़ का स्वदेशी मेला गुणवत्ता और विविधता के लिहाज से प्रभावशाली है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे व्यापारियों को उचित बाजार और मूल्य मिलता है। उन्होंने कोटा सहित अन्य क्षेत्रों से आए स्टॉलों से भी खरीदारी की।

समारोह में चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी और पशुपालन, डेरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत भी उपस्थित रहे। स्वदेशी हस्तशिल्प कलाकारों के आग्रह पर तीनों नेताओं ने मिट्टी से बनी हस्तनिर्मित ‘सिटी’ बजाकर कारीगरों की प्रतिभा की सराहना की।

समापन समारोह को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि राज्य के सभी स्कूलों में हर वर्ष 28 फरवरी को महाराणा प्रताप राज्यारोहण दिवस मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को महाराणा प्रताप के शौर्य और गौरवगाथा से प्रेरणा मिलेगी। घोषणा का समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों और नारों के साथ स्वागत किया।

इस दौरान मंत्री मदन दिलावर ने सर्किट हाउस में विदेशी ब्रांड के उपयोग पर नाराजगी जताई और तत्काल उन्हें हटाकर स्वदेशी उत्पाद रखने के निर्देश दिए। उनके निर्देश के बाद विदेशी सामान हटाकर स्वदेशी ब्रांड के उत्पाद रखवाए गए।

राष्ट्रीय स्वदेशी महोत्सव के समापन अवसर पर पूरा परिसर ‘राणा की जय’ के नारों से गूंज उठा, वहीं आयोजकों ने इसे स्वदेशी, सांस्कृतिक गौरव और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।