सूरतगढ़ में बीजेपी कार्यकर्ताओं से मिले सीएम भजनलाल शर्मा,पंचायतीराज चुनाव के लिए जुटने की अपील

Rajasthan Rajasthan-Others

श्रीगंगानगर, 27 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश विकास के नए सोपान रच रहा है। साथ ही, भाजपा का संगठन भी लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए निकाय चुनावों में जनता ने भाजपा के विकास और सुशासन पर एक बार फिर विश्वास की मुहर लगाई है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और निष्ठा से संगठन निरंतर मजबूत होता है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जनसंपर्क कर प्रत्येक बूथ और वार्ड को मजबूत करते हुए ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद स्तर पर ‘ट्रिपल इंजन’ सरकार बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं, महिलाओं और नए मतदाताओं के साथ विशेष संवाद तथा प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया के अधिक से अधिक उपयोग पर भी जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि निकाय चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। प्रदेश के 309 नगरीय निकायों में से 202 में भाजपा के बोर्ड बने हैं। 10 नगर निगमों में से 9 में भाजपा के महापौर निर्वाचित हुए हैं। वहीं 30 नगर परिषदों और 163 नगर पालिकाओं में भाजपा के निकाय प्रमुख चुने गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 9 जिलों में कांग्रेस अपना खाता तक नहीं खोल सकी। वहीं, श्रीगंगानगर, अनूपगढ़, रायसिंहनगर, पदमपुर, श्रीकरणपुर और सूरतगढ़ सहित 6 स्थानों पर भाजपा के बोर्ड बने हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में गांव, गरीब, महिला, युवा और किसान के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। सरकार वर्षों से लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कर रही है तथा सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा को शासन की पहचान बनाया है। रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल और किशाऊ जल समझौते के माध्यम से प्रदेश में सिंचाई एवं पेयजल की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 15 लाख से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। बिजली उत्पादन क्षमता में 10 हजार मेगावाट से अधिक की वृद्धि हुई है। राइजिंग राजस्थान के तहत निवेश परियोजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। युवाओं के लिए 1 लाख 90 हजार पदों पर नियुक्तियां दी जा चुकी हैं, जबकि 1 लाख 22 हजार से अधिक पदों पर भर्ती प्रक्रियाधीन है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान में कार्यकर्ताओं से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि सेवा, संगठन और जनसंपर्क के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ पंचायतीराज चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ के मंत्र के साथ संगठन को प्रत्येक स्तर पर सशक्त बनाया जाए।