राजस्थान विधानसभा:मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दो साल की उपलब्धियों का ‘रिपोर्ट कार्ड’ रखा,कांग्रेस पर तीखा हमला

Jaipur Rajasthan

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर बहस का जवाब देते हुए अपनी सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों का विस्तृत दस्तावेज सदन के पटल पर रखा। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने दो साल में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल से अधिक काम किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान वित्तीय कुप्रबंधन से राज्य का खजाना खाली हो गया था, जबकि उनकी सरकार ने अर्थव्यवस्था को न सिर्फ स्थिरता दी बल्कि गति और दिशा भी दी है। उन्होंने बताया कि बीते दो वर्षों में राजस्व घाटे में करीब आठ हजार करोड़ रुपये की कमी आई है और केंद्र से पूंजीगत निवेश सहायता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।

शर्मा ने जल, बिजली, कृषि, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने बताया कि रामजल सेतु परियोजना के तहत नवनेरा बैराज और ईसरदा बांध में जल संग्रहण शुरू हो चुका है, जबकि यमुना जल समझौते की डीपीआर अंतिम चरण में है। किसान सम्मान निधि के तहत 10,508 करोड़ रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित किए जाने और 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक के ब्याज मुक्त फसली ऋण देने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक मामलों में एसआईटी के गठन के बाद 140 एफआईआर दर्ज की गईं और 428 से अधिक आरोपियों को जेल भेजा गया। उन्होंने दावा किया कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल अपराधों में 14 प्रतिशत से अधिक की कमी आई है, जबकि अनुसूचित जाति-जनजाति पर अत्याचार और महिला अपराधों में भी गिरावट दर्ज हुई है।

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के नेता सत्ता में रहते हुए दिल्ली सरकार बचाने जाते थे, जबकि वे जनसेवा के लिए जाते हैं। उन्होंने शेर-शायरी और कविताओं के जरिए कांग्रेस पर कटाक्ष किया और युवाओं के साथ हुए कथित अन्याय का जिक्र किया। शर्मा ने कहा कि उनकी सरकार ने निष्पक्ष परीक्षाओं और रोजगार के अवसर देकर युवाओं की उम्मीदों को फिर से पंख दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि अगले तीन वर्षों में विकास की रफ्तार और तेज होगी और राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल किया जाएगा।