राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए उसे खुली बहस की चुनौती दी है। भाजपा कार्यालय में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस हमारे डेढ़ साल के कामकाज की तुलना अपने पांच साल से कर ले, सच्चाई सामने आ जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कहा, “कहते हैं कि मैं रुकता नहीं हूं। सोने और होटलों में रुकने के लिए तो आप ही काफी थे। अब वक्त है राजस्थान की जनता का दर्द समझने का। युवा, किसान और मजदूर के लिए काम करने की ज़रूरत है, न कि घर में बैठकर बयान देने की।”
बिजली पर भी कांग्रेस को घेरा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बिजली व्यवस्था को लेकर कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, “बताइए कहां बिजली नहीं आ रही। हम रिकॉर्ड के साथ बात करने को तैयार हैं। कांग्रेस बताए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कितनी बिजली पैदा की थी, और हम बताएंगे कि हमने डेढ़ साल में कितना उत्पादन किया।”
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आगाह करते हुए कहा कि जनता को गुमराह करने की कोशिश न करें। “आंकड़े मंगवा लीजिए, सच्चाई सामने आ जाएगी। जनता ट्वीट्स से नहीं, ज़मीन पर काम से तय करती है कि कौन उनके साथ है,” उन्होंने जोड़ा।

