हिट एंड रन मामले में पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ FIR दर्ज,रोड शो के दौरान कार्यकर्ता की मौत

Front-Page National

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी प्रमुख जगन मोहन रेड्डी के खिलाफ एक हिट एंड रन मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। गुंटूर जिले के एसपी एस. सतीश कुमार ने रविवार देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

एसपी के मुताबिक, 18 जून को पालनाडु जिले के रेंटापल्ला गांव में रोड शो के दौरान जगन मोहन रेड्डी के काफिले की एक कार ने पार्टी कार्यकर्ता 53 वर्षीय चीली सिंघैया को कुचल दिया था। अस्पताल ले जाते समय सिंघैया की मौत हो गई। शुरुआत में पुलिस ने दावा किया था कि हादसा जगन के काफिले से जुड़ी कार से नहीं हुआ, लेकिन घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थिति साफ हुई और केस दर्ज किया गया।

वीडियो से सामने आया सच्चाई का पहलू

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि जब जगन का काफिला एतुकुरु बाइपास से गुजर रहा था, तभी उत्साह में फूल फेंकते हुए सिंघैया गिर गए और काफिले की एक कार की चपेट में आ गए। हादसे के बावजूद काफिला नहीं रुका और लोग नारेबाजी करते रहे।

पुलिस के अनुसार, जगन के काफिले में केवल तीन गाड़ियों की अनुमति थी, लेकिन 30 से ज्यादा वाहन मौजूद थे। इस मामले में सिंघैया की पत्नी की शिकायत पर आईपीसी की धारा 106 (1) के तहत लापरवाही से मौत का मामला दर्ज किया गया है।

FIR में इन नामों का ज़िक्र

एफआईआर में कार चालक रमन्ना रेड्डी के साथ-साथ जगन के पीए नागेश्वर रेड्डी, पूर्व सांसद वाईवी सुब्बा रेड्डी, पूर्व विधायक पेरनी नानी और पूर्व मंत्री विदादला रजिनी के नाम शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि अब सभी पहलुओं की जांच की जा रही है, और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।