CM भजनलाल शर्मा का दावा: ‘राइजिंग राजस्थान में 35 लाख करोड़ के MoU, 7 लाख करोड़ ज़मीन पर उतरे’;गहलोत से पूछा—‘इनवेस्ट राजस्थान समिट के कितने वादे पूरे हुए?’;कहा—‘PM मोदी की डबल इंजन सरकार युवाओं के सपने साकार कर रही है’

Politics Rajasthan

पाली, 25 नवम्बर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ने 23 महीने के कार्यकाल में बेहतरीन काम किया है। पहले ही साल में राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन किया, जिसमें लगभग 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए और लगभग एक वर्ष के भीतर ही 7 लाख करोड़ रुपये के एमओयू जमीन पर उतर गए। मुख्यमंत्री शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से पूछा कि उन्होंने भी इनवेस्ट राजस्थान समिट का आयोजन किया था। वे जनता को बताएं कि उनके समय में कितने एमओयू धरातल पर उतरे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने युवाओं से 5 साल के कार्यकाल में 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देने का वादा किया है। हमारी सरकार गत 23 माह में लगभग 92 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुकी है। आगामी दिसम्बर में रोजगार उत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने युवाओं से मेहनत करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करेगी।