राजस्थान के वन एवं पर्यावरण तथा जलवायु परिवर्तन विभाग ने हनुमानगढ़ जिले की टिब्बी तहसील के ग्राम राठीखेड़ा चक 5 आरके में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर मिली आपत्तियों के मद्देनज़र एक पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति फैक्ट्री से होने वाले संभावित भूजल प्रदूषण और पर्यावरणीय प्रभावों की जांच करेगी।
समिति की अध्यक्षता बीकानेर संभागीय आयुक्त करेंगे। इसमें वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशिष्ट शासन सचिव सदस्य सचिव के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर, प्रदूषण नियंत्रण मंडल के वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता अरविंद अग्रवाल और भूजल विभाग के मुख्य अभियंता सूरजभान को सदस्य बनाया गया है।
सरकारी आदेश के अनुसार, समिति विस्तृत जांच के बाद अपनी रिपोर्ट राजस्थान सरकार के पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को सौंपेगी। रिपोर्ट प्रस्तुत होने तक ही समिति का कार्यकाल रहेगा।
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर उठी चिंताओं को गंभीरता से लेते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि भूजल संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर सभी पहलुओं का निष्पक्ष आकलन किया जा सके।

