जवाहर सिंह बेढ़म का टीकाराम जूली पर पलटवार,बोले—कांग्रेस 40% बजट घोषणाएं भी पूरी नहीं कर पाई

Jaipur Rajasthan

जयपुर 17 दिसंबर 2025। गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा है कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झूठे तथ्यों के आधार पर राजस्थान की जनता को भ्रमित करने वाला बयान दिया है। उन्होंने कहा जूली जी अपने कार्यकाल को भूल गए जब वे अशोक गहलोत जी की सरकार में मंत्री थे और राजस्थान में जंगल राज स्थापित था और कानून व्यवस्था चौपट थी, जनता त्राहिमाम कर रही थी।

गृह राज्यमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस अपनी बजट घोषणाओं को पूरा नहीं कर पाई। बजट घोषणाओं में 40 परसेंट भी पूरी नहीं की। लेकिन मीडिया में आकर ये जनता को भ्रमित करने का प्रयास करते हैं। इन्होंने कभी भी सदन में बहस नहीं की क्योंकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के किए गए विकास कार्यों से ये कुंठित हो रहे हैं और इनको राजस्थान का विकास पच नहीं रहा है। आए दिन इनके नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रेस के सामने आकर झूठे तथ्य पेश करने लग जाते हैं। इनके पास पांच साल बनाम दो साल का कोई जबाव नहीं है।

गृह राज्यमंत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री ने बिजली के उत्पादन में वृद्धि की है। राइजिंग राजस्थान करके देश-विदेश के उद्यमियों को बुलाकर के रोजगार स्थापित करने की बात की है। 8 लाख करोड़ के एमओयू धरातल पर आ गए हैं। कांग्रेस सरकार में तो गैंगवार होती थी, भ्रष्टाचार चरम पर था, लूट-नकबजनी की घटनाएं बढ़ रही थी और कांग्रेस उस समय कार्यवाही करने से भी बचती थी। इन्होंने प्रदेश को बीमारू प्रदेश बनाने का काम किया।

गृह राज्यमंत्री ने कहा है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान को विकास के पथ पर लाए हैं और तीव्र गति से विकास हो, इसके लिए योजनाओं को धरातल पर लाने का काम किया है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की संकल्पना के साथ सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय के विजन के अनुसार विकसित राजस्थान बनाने के सपने को पूरा करने जा रहे हैं।

गृह राज्यमंत्री ने कहा है कि कांग्रेस तो किसानों का खून चूसने में लगे थे। हमारी सरकार ने तो एक तरफ जहां गेहूं पर 150 रूपए बोनस देने का काम किया, दूसरी तरफ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में मिलने वाले 6 हजार रूपए को बढ़ाकर के मुख्यमंत्री ने 9 हजार तक कर दिया है। हमने वृद्धावस्था पेंशन बढ़ाकर के बुढापे की लाठी बनकर उनका सहयोग करने का काम किया है और इस राजस्थान को अपराध मुक्त करने, लोगों को प्रचुर मात्रा में पानी मिले इसकी व्यवस्था की है, उद्योग स्थापित हों इसकी भी व्यवस्था की है। राजस्थान आत्मनिर्भर बने, बिजली उत्पादन में प्रथम श्रेणी में आए इसके लिए मुख्यमंत्री जी कार्य कर रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष झूठे तथ्यों पर बयानबाजी करके राजस्थान की जनता को भ्रमित करना बंद करें।