‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के समापन पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला:टीकाराम जूली बोले– “लोकतंत्र की हत्या बर्दाश्त नहीं”,सचिन पायलट ने SIR प्रक्रिया पर उठाए सवाल

Jaipur Rajasthan

जयपुर। राजस्थान में कांग्रेस ने अपने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के समापन पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारों पर तीखे हमले किए। जयपुर स्थित तोतुका भवन में आयोजित कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने निर्वाचन प्रक्रिया में कथित हेराफेरी को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर मिलीभगत के आरोप लगाए।

टीकाराम जूली ने कहा कि “कांग्रेस ने भाजपा द्वारा की गई वोट चोरी का बड़ा खुलासा किया है। यह लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है, जिसे किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जनता से वोट देने का अधिकार छीन लिया है और आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

जूली ने बताया कि ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान के तहत प्रदेशभर के जिलों और ब्लॉकों में लाखों लोगों ने भाग लिया और भाजपा की “जनविरोधी नीतियों” के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि अब SIR प्रक्रिया के नाम पर निर्वाचन आयोग मतदाता सूची से नाम काटने का प्रयास कर रहा है, जिसके लिए कांग्रेस प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है ताकि “मताधिकार की रक्षा” की जा सके।

इस मौके पर सचिन पायलट ने भी कहा कि कांग्रेस मतदाता सूची की पारदर्शिता के पक्ष में है, लेकिन जिस “जल्दबाजी और मंशा” से बिहार में SIR प्रक्रिया की गई थी, वही पैटर्न अब अन्य राज्यों में दोहराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “भारतीय जनता पार्टी संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है और निर्वाचन आयोग को राजनीतिक हित साधने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।”

पायलट ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता धरातल पर जाकर मतदाता सूचियों की जांच करेंगे ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान का समापन इस महीने के अंत में दिल्ली में एक बड़े आयोजन के साथ किया जाएगा।

कांग्रेस का कहना है कि यह लड़ाई केवल वोट चोरी के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतंत्र की पारदर्शिता और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए है।