राजस्थान में पर्यटन और निवेश को नई गति;प्री-समिट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने किया राज्य की संभावनाओं का विस्तार

Jaipur Rajasthan

जयपुर में गुरुवार को आयोजित पर्यटन विभाग की ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ प्री-समिट में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने राज्य में पर्यटन, निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर सरकार की योजनाओं और प्रगति पर विस्तृत चर्चा की। कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानियों, उद्योग जगत, उद्यमियों और विशेषज्ञों ने भी हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान तेज़ी से पर्यटन और औद्योगिक विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। निवेश-अनुकूल नीतियों और प्रभावी सिंगल विंडो सिस्टम ने पर्यटन सेक्टर में निवेश प्रक्रियाओं को आसान बनाया है। उन्होंने बताया कि राज्य में इस वर्ष अब तक 15 करोड़ देशी और लगभग 12 लाख विदेशी पर्यटक आए हैं, जो पर्यटन क्षमता में निरंतर वृद्धि का संकेत है।

सीएम ने कहा कि नई पर्यटन नीति जल्द लागू की जाएगी, जिसके तहत डिजिटल-एआई, कौशल विकास, युवाओं को रोजगार, मार्केटिंग और आधारभूत ढांचे के विस्तार पर जोर होगा। फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार 2 करोड़ रुपए तक की सब्सिडी भी दे रही है। वहीं, 5,000 करोड़ रुपए का पर्यटन इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं क्षमता निर्माण फंड भी बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान के दौरान पर्यटन क्षेत्र में 1,702 एमओयू हुए, जिससे 1.44 लाख करोड़ रुपए के निवेश और करीब 2 लाख रोजगार सृजित होने का अनुमान है। इनमें से 277 परियोजनाएँ ग्राउंड-ब्रेकिंग चरण में प्रवेश कर चुकी हैं।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि राजस्थान न केवल विरासत पर्यटन बल्कि एडवेंचर, फिल्म, वेलनेस, ट्राइबल, ग्रामीण और कूज़ीन टूरिज्म के क्षेत्र में भी तेज़ी से उभर रहा है। नई पर्यटन नीति, फिल्म टूरिज्म नीति, एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी और राजस्थान टूरिज्म ऐप भी जल्द लॉन्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समिट में मिले सुझाव राज्य की पर्यटन रणनीति को और मजबूत करेंगे।

कार्यक्रम में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले केंद्र की स्वदेश दर्शन 2.0 और प्रसाद 2.0 योजनाओं के तहत खाटूश्यामजी, करणी माता, मालासेरी डूंगरी सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास जारी है। शेखावटी की 662 ऐतिहासिक हवेलियों के संरक्षण कार्य से क्षेत्रीय पर्यटन को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

प्री-समिट में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव सुमन बिल्ला, राजस्थान पर्यटन के एसीएस प्रवीण गुप्ता, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अरुण मिश्रा, ईज़मायट्रिप की प्रीति सत्यनारायण, अभिनेता राजीव खंडेलवाल और कई उद्योग–विशेषज्ञ मौजूद थे।

कार्यक्रम ने प्रवासी राजस्थानियों और राज्य सरकार के बीच भावनात्मक व विकासात्मक साझेदारी को और मजबूत किया, साथ ही राजस्थान को वर्ष–भर चलने वाले प्रमुख पर्यटक गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।