कांग्रेस को मिला नया मुख्यालय,’इंदिरा भवन’ का सोनिया गांधी ने किया उद्घाटन

Front-Page National

कांग्रेस ने 46 साल बाद अपने नए मुख्यालय का उद्घाटन किया है। दिल्ली स्थित इस नए दफ्तर का नाम ‘इंदिरा गांधी भवन’ रखा गया है। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसका उद्घाटन किया। इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत करीब 400 नेता मौजूद रहे।

नया मुख्यालय अब 9ए, कोटला रोड पर स्थित है। इससे पहले कांग्रेस का पता 24, अकबर रोड था, जो 1978 से पार्टी मुख्यालय के रूप में इस्तेमाल हो रहा था।

भाजपा मुख्यालय के पास स्थित है नया दफ्तर

इंदिरा भवन की लोकेशन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर है। दिलचस्प बात यह है कि इसका मेन एंट्रेंस पीछे के दरवाजे से बनाया गया है। पहले इसका फ्रंट एंट्रेंस दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर था, लेकिन इस नाम से बचने के लिए पार्टी ने कोटला रोड के एंट्रेंस को चुना।

15 साल बाद बनकर तैयार हुआ मुख्यालय

इस नए मुख्यालय की आधारशिला 2009 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और सोनिया गांधी ने रखी थी। इसे बनने में 15 साल का समय लगा।

24, अकबर रोड का इतिहास

कांग्रेस का पुराना मुख्यालय 24, अकबर रोड, कभी भारतीय वायुसेना प्रमुख का आवास था। बाद में यह इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के राजनीतिक निगरानी विभाग का कार्यालय बना। इससे पहले इसे ‘बर्मा हाउस’ के नाम से जाना जाता था, क्योंकि यहां म्यांमार की राजदूत डॉ. खिन काई रहती थीं।

1978 में पार्टी में टूट के बाद यह बंगला कांग्रेस को मुख्यालय के तौर पर आवंटित किया गया। इंदिरा गांधी ने इसे चुना और यह कांग्रेस के लिए लकी साबित हुआ। इसी मुख्यालय से पार्टी ने 1980 के मध्यावधि चुनाव में भारी जीत दर्ज की थी।

चार प्रधानमंत्रियों का गवाह

24, अकबर रोड कांग्रेस के चार प्रधानमंत्रियों—इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, पीवी नरसिम्हा राव और मनमोहन सिंह—का गवाह रहा। अब कांग्रेस का नया अध्याय इंदिरा भवन से शुरू हो रहा है।