अंबेडकर जयंती पर कांग्रेस का कार्यक्रम,गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर साधा निशाना

Jaipur Rajasthan Rajasthan-Others

राजस्थान के सीकर और जयपुर में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि कार्यक्रम और विचार गोष्ठी का आयोजन किया। इस दौरान संविधान की प्रस्तावना पढ़कर उपस्थित लोगों को शपथ भी दिलाई गई। साथ ही, दिवंगत कांग्रेस नेता प्रहलाद झुर्रियां को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बाबा साहेब के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके संविधान की वजह से देश में समानता, शिक्षा और लोकतंत्र मजबूत हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार संविधान की भावना के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है और समय पर पंचायत व निकाय चुनाव नहीं करवा कर उसका अपमान कर रही है।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि सभी को बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलकर संविधान का सम्मान करना चाहिए और अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।