राजस्थान के दूदू विधानसभा क्षेत्र में खरीफ 2025 (संवत् 2082) की फसल को भारी बारिश और अतिवृष्टि से हुए व्यापक नुकसान के बाद राज्य सरकार ने किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज स्वीकृत किया है। उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा की पहल पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और कैबिनेट मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा ने क्षेत्र में विशेष गिरदावरी के आदेश जारी किए थे।
गिरदावरी के आधार पर वास्तविक फसल नुकसान का आकलन करने के बाद तीनों उपखण्ड—फागी, मौजमाबाद और दूदू—के किसानों के लिए मुआवजा राशि मंजूर की गई है।
फागी में 31,157 हेक्टेयर भूमि पर प्रभावित 22,115 किसानों के लिए 26 करोड़ रुपये का मुआवजा स्वीकृत हुआ है। मौजमाबाद में 27,850 हेक्टेयर क्षेत्र के 22,995 किसानों को 23 करोड़ रुपये और दूदू उपखण्ड में 38,413 हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित होने पर 23,579 किसानों को 31 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।
कुल मिलाकर दूदू विधानसभा क्षेत्र के 68,689 किसानों को लगभग 80 करोड़ रुपये की राहत राशि प्रदान की जाएगी।
किसानों ने त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई और आर्थिक सहायता के लिए उप मुख्यमंत्री बैरवा के प्रति आभार जताया है। सरकार का कहना है कि यह कदम प्रभावित परिवारों को कठिन परिस्थितियों में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगा।

