दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के अगले दिन मुख्यमंत्री आतिशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद उपराज्यपाल (LG) विनय कुमार सक्सेना ने 7वीं दिल्ली विधानसभा को भंग करने की अधिसूचना जारी कर दी।
आतिशी ने कालकाजी सीट से जीत हासिल की, लेकिन उनकी पार्टी आम आदमी पार्टी (AAP) केवल 22 सीटों पर सिमट गई। इससे पहले, 17 सितंबर 2024 को अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे के बाद आतिशी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। वह सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनी थीं।
भाजपा ने 26 साल बाद हासिल की सत्ता
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिल पाई।
आतिशी के इस्तीफे के बाद दिल्ली बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल उपराज्यपाल से मिलने पहुंचा। इस बीच, पार्टी के वरिष्ठ नेता अगला मुख्यमंत्री चुनने के लिए गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर बैठक कर रहे हैं। बैठक में बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, बैजयंत पांडा समेत कई बड़े नेता शामिल हैं।
पीएम मोदी के लौटने के बाद होगा शपथ ग्रहण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही फ्रांस और अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का शपथग्रहण समारोह उनके लौटने के बाद होगा। इस कार्यक्रम में भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे।