दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पैतृक गांव में मनाया जन्मदिन,कहा- “हमारी जोड़ी विकास का धुआं उठाएगी”

Front-Page National

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार, 19 जुलाई को हरियाणा के जींद ज़िले स्थित अपने पैतृक गांव नंदगढ़ में जन्मदिन मनाया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें चांदी का मुकुट पहनाया। डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, मंत्री कृष्ण बेदी और विधायक रामकुमार गौतम ने उन्हें पारंपरिक उपहार ‘कोथली’ भेंट की।

इससे पहले रेखा गुप्ता और सीएम सैनी ने जींद के जुलाना में अग्रसेन भवन का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में नायब सैनी ने रेखा गुप्ता को राष्ट्र के प्रति समर्पित बताते हुए कहा कि वह साधारण परिवार से आईं हैं और संगठन के साथ मिलकर देशहित में काम किया है। उन्होंने जींद में एक नया अग्रवाल भवन और नंदी कामधेनू गौशाला के लिए 31 लाख रुपये की घोषणा भी की।

जनसभा को संबोधित करते हुए रेखा गुप्ता ने भी सैनी की प्रशंसा की और कहा कि दोनों साधारण परिवारों से हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वजह से उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिला। उन्होंने इंदिरा गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने परिवारवाद को बढ़ावा दिया।

मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा, “मैं भरोसा दिलाती हूं कि ये भाई-बहन की जोड़ी ऐसा विकास करेगी कि धुआं उठेगा। दिल्ली में लोग कहते हैं धुआं प्रदूषण फैलाता है, लेकिन ये धुआं विकास का होगा, न कि पॉल्यूशन का।”