कोटपूतली में 77वां गणतंत्र दिवस:उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने फहराया तिरंगा,शहीदों की वीरांगनाओं को किया सम्मानित

Rajasthan Rajasthan-Others

कोटपूतली में 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान, लोकतंत्र और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है और यह स्वतंत्रता सेनानियों तथा शहीदों के त्याग की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि देश अपने वीर जवानों और उनके परिवारों के योगदान को कभी नहीं भूल सकता और शहीदों की वीरांगनाएं समाज के लिए प्रेरणा हैं।

उपमुख्यमंत्री ने युवाओं से संविधान के मूल्यों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से जुड़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में शहीदों की वीरांगनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र विश्नोई सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।