जोधपुर के लूणी विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मंगलवार को 104.15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले तीन प्रमुख सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। सालावास ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
दिया कुमारी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बोरानाडा-सालावास, बासनी सर-धुंधाड़ा-जिला सीमा तक और गुड़ा-भांडूकला मार्गों का निर्माण इस योजना में शामिल है। उपमुख्यमंत्री ने कहा, “यह तो केवल ट्रेलर है, पूरी फिल्म अभी बाकी है।” उन्होंने आश्वस्त किया कि आने वाले दिनों में 400 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं धरातल पर उतारी जाएंगी।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार सड़क, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, रोजगार और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम कर रही है। सेवा पखवाड़े का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि जनसेवा को प्राथमिकता दी जा रही है और जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में संसदीय कार्य, विधि एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि सड़क निर्माण से प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने जोजरी को प्रदूषण मुक्त बनाने और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
शिलान्यास किए गए कार्यों में सालावास से जिला सीमा तक 29.70 किमी सड़क, गुड़ा से भांडूकला होकर सालावास-नंदवान-हीरखेड़ा तक 23 किमी सड़क और बोरानाडा से सालावास तक 8 किमी सड़क शामिल हैं।
इस अवसर पर संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, विधायक अतुल भंसाली, विधायक अरुण चौधरी, विधायक हमीर सिंह भायल, जसवंत सिंह विश्नोई, त्रिभुवन सिंह भाटी, वाटिका राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

