राजस्थान सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत 11 जिलों के प्रभारी सचिवों की नई नियुक्तियां की हैं। इसके तहत चूरू, अलवर, ब्यावर, सलूंबर, फलौदी, सवाई माधोपुर, बारां, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, करौली और बालोतरा में नए प्रभारी सचिव नियुक्त किए गए हैं। जबकि बाकी 38 जिलों के प्रभारी सचिवों को उनके पदों पर यथावत रखा गया है। यह बदलाव 28 फरवरी 2024 के बाद किए गए पहले प्रमुख फेरबदल माने जा रहे हैं।
किसे मिला कौन-सा जिला
- चूरू: पर्यटन विभाग की आयुक्त रूक्मणि रियार
- अलवर: ऊर्जा विभाग के प्रमुख सचिव अजिताभ शर्मा
- ब्यावर: आजीविका परियोजना की स्टेट एमडी नेहा गिरी
- सलूंबर: राजस्थान ऊर्जा विकास एवं आईटी सर्विसेज लिमिटेड के एमडी ओमप्रकाश कसेरा
- फलौदी: उद्योग आयुक्त रोहित गुप्ता
- सवाई माधोपुर: यूडीएच के प्रमुख सचिव डॉ. देवाशीष पृष्ठि
- बारां: राजफैड एमडी टीकम चंद बोहरा
- राजसमंद: प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष डॉ. रवि कुमार सुरपुर
- चित्तौड़गढ़: उद्योग विभाग के प्रमुख सचिव आलोक गुप्ता
- करौली: समग्र शिक्षा अभियान की निदेशक अनुपमा जोरवाल
- बालोतरा: स्टेट हेल्थ एश्योरेंस एजेंसी के सीईओ हरजीलाल अटल
कई वरिष्ठ अधिकारी जिलों के प्रभार से मुक्त
इस फेरबदल में आठ वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को जिलों के प्रभार से हटाया गया है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए सावंत और वित्त विभाग के प्रमुख सचिव वैभव गालरिया को चूरू और अलवर जिले की प्रभारी सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से खाली हुए पदों पर नई नियुक्तियां
कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर चले जाने के चलते तीन जिलों में प्रभारी सचिवों की नियुक्तियां लंबित थीं। अब इन पदों को भी भर दिया गया है:
- चित्तौड़गढ़: भानु प्रकाश एटुरू के स्थान पर आलोक गुप्ता
- राजसमंद: भगवती प्रसाद कलाल की जगह डॉ. रवि कुमार सुरपुर
- करौली: आशुतोष एटी पेडणेकर की जगह अनुपमा जोरवाल
राज्य सरकार के प्रशासनिक सुधार विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इन बदलावों को आगामी विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रशासनिक दक्षता को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।

