जयपुर:-राजधानी जयपुर के विद्याधर नगर क्षेत्र में रविवार को लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा का भव्य आयोजन हुआ। वार्ड 5 स्थित सूर्य नगर, जेडीए कॉलोनी और गौतम विहार कॉलोनी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र हुए। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने पहुंचकर श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना की और उन्हें छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, “छठ पर्व हमारी सनातन संस्कृति, सूर्य उपासना, अनुशासन और प्रकृति के प्रति श्रद्धा का अद्भुत प्रतीक है। श्रद्धालुओं की भक्ति और उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया है। मैं भगवान सूर्य देव से प्रार्थना करती हूं कि वे सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य का आशीर्वाद दें।”
दिया कुमारी ने इस दौरान कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने जो समर्थन दिया, उसके लिए वे आभारी हैं। उन्होंने कहा, “अब मैं चाहती हूं कि बिहार चुनाव में भी एनडीए को पूर्ण बहुमत से जिताकर सरकार बनाएं।”
कार्यक्रम में उदय शाह, उमेश गुप्ता, अवधेश शाह, मंडल अध्यक्ष राकेश अग्रवाल, मनदीप हुंडिल, श्रवण सिंह करीरी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

