प्रधानमंत्री मोदी से मिले राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा,दिल्ली दौरे में केंद्रीय मंत्रियों से भी की मुलाकात:किसानों और राज्य के विकास को लेकर हुई अहम चर्चा

Front-Page Jaipur National Rajasthan

नई दिल्ली/जयपुर, 27 अक्टूबर।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को “विकसित राजस्थान-2047” के विज़न डॉक्यूमेंट के बारे में जानकारी दी और राज्य के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित राजस्थान-2047 विज़न युवा, महिला, गरीब और किसान को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है, जो विकसित भारत-2047 की आकांक्षाओं के अनुरूप राज्य के चहुंमुखी विकास को गति देगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजस्थान की “डबल इंजन सरकार” प्रदेश की प्रगति के लिए समर्पित होकर कार्य कर रही है और केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।

अपने दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात की।

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ हुई बैठक में राजस्थान के किसानों और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने राज्य में सिंचाई के लिए टांकों की व्यवस्था जारी रखने, ‘पर ड्रॉप मोर क्रॉप’ योजना में राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन की उप-योजनाओं में तारबंदी कार्यक्रम को शामिल रखने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

केंद्रीय मंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री शर्मा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “भजनलाल शर्मा किसानों के कल्याण और राज्य के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उनके आग्रह पर केंद्र ने राजस्थान के कम उत्पादकता वाले 8 जिलों को प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना से जोड़ा है, जिनमें अब 11 विभागों की 36 योजनाएं लागू होंगी।”

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं ने राजस्थान के आर्थिक विकास, वित्तीय प्रबंधन और जीएसटी बचत उत्सव पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी दरों में कमी से आमजन को सीधा लाभ मिला है और लोगों ने स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी बढ़ाकर ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को गति दी है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का यह दिल्ली दौरा राजस्थान के विकास, किसानों के हित और आर्थिक सशक्तिकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।