राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार को व्यस्त कार्यक्रमों के बीच धार्मिक स्थलों के दर्शन किए, जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण को कार्यकर्ताओं संग सुना।
चौमू में ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण
दिया कुमारी ने चौमू स्थित भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को लाइव सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार राष्ट्रप्रेम, आत्मनिर्भर भारत और जनसेवा की भावना को सशक्त करते हैं। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, पूर्व विधायक रामलाल शर्मा और अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
‘हील इन राजस्थान’ मिशन को नई दिशा
दिया कुमारी ने जयपुर जिले की रेनवाल तहसील के गदड़ी (बधाल) गांव में नोवाल नेचरकेयर हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आयुर्वेद के माध्यम से समाज को स्वस्थ जीवनशैली की ओर अग्रसर करेगा और ‘हील इन राजस्थान’ मिशन को नई दिशा देगा। इस मौके पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, सांसद राव राजेंद्र सिंह और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
खाटू श्यामजी और हाथोज धाम में दर्शन
उपमुख्यमंत्री ने सीकर जिले के खाटू श्यामजी मंदिर में बाबा श्याम के दर्शन किए और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने स्वदेश दर्शन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद दिया कुमारी ने जयपुर के हाथोज धाम स्थित दक्षिणमुखी बालाजी मंदिर में दर्शन कर अन्नकूट महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व समाज में प्रेम, एकता और सद्भाव का प्रतीक है।
इन आयोजनों के माध्यम से उपमुख्यमंत्री ने जनसेवा, आध्यात्मिकता और विकास कार्यों के समन्वय का संदेश दिया।

