उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश,कहा- एकजुटता से भाजपा की जीत तय

Jaipur Rajasthan

जयपुर।
विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में आज वीकेआई एसोसिएशन भवन, रोड नंबर-1 में आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शिरकत की। सम्मेलन में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया और आगामी चुनाव को लेकर उत्साह का प्रदर्शन किया।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर पूरी एकजुटता के साथ चुनाव में काम करना है और क्षेत्र की सभी 22 सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की जमानत जब्त करवाने के लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत के साथ जुटना होगा।

दिया कुमारी ने कहा कि आज के सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि भाजपा पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगामी चुनाव में उतरेगी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है और यही उत्साह आने वाले चुनाव में भाजपा के अच्छे परिणामों का आधार बनेगा।

उन्होंने कहा कि केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के सभी निकायों में भाजपा की जीत होगी। सरकार की ओर से लगातार विकास के कार्य किए गए हैं और इन्हीं कामों को लेकर भाजपा जनता के बीच जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता विकास कार्यों के आधार पर भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन और वोट देगी।

राजस्थान निकाय चुनाव सह-प्रभारी चन्द्रशेखर बावनकुले ने सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं में जिस तरह का उत्साह और जोश दिखाई दे रहा है, उससे साफ है कि आगामी निकाय चुनाव में भाजपा बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों का सीधा लाभ जनता को मिला है और देश लगातार विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।

वहीं, राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा उत्साह जीत का स्पष्ट संकेत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता न केवल जीत सुनिश्चित करने के लिए तैयार हैं, बल्कि पार्टी के लिए नए आयाम स्थापित करने का भी संकल्प लेकर मैदान में उतर चुके हैं।

सम्मेलन के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और उनके जोश ने भाजपा के चुनावी अभियान को लेकर पार्टी की तैयारियों का संदेश दिया।

कार्यक्रम में जयपुर सांसद मंजू शर्मा , विधानसभा संयोजक रूपेन्द्र सिंह करीरी, विधानसभा सह संयोजक रिद्धिकरण परसरामपुरिया, जिला पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, वार्ड संयोजक, मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, प्रत्याशी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं समर्पित कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे।