विद्याधर नगर में डिप्टी सीएम दिया कुमारी का चुनावी शंखनाद,कहा – 22 की 22 सीटों पर होगी जीत

Jaipur Rajasthan

जयपुर।निकाय चुनाव को लेकर भाजपा ने चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं विद्याधर नगर विधायक दिया कुमारी ने आज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पार्षद प्रत्याशियों के प्रधान कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न वार्डों में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का जोरदार स्वागत किया। चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने वार्ड 9 की भाजपा प्रत्याशी मंजू अग्रवाल, वार्ड 10 से युवा भाजपा प्रत्याशी पलक यादव, वार्ड 11 से प्रत्याशी शैलेंद्र शर्मा , वार्ड 1 से प्रत्याशी श्रवण बोहरा , वार्ड -13 से प्रत्याशी दीपक शर्मा , वार्ड -12 से प्रत्याशी राजेंद्र करोड़िया, वार्ड -4 से प्रत्याशी पिंकी विजय शर्मा , वार्ड -5 से प्रत्याशी नरेंद्र सिंह शेखावत , वार्ड -17 से प्रत्याशी सुमेर सिंह जोधा और वार्ड -21 से प्रत्याशी अजय सिंह चौहान के प्रधान कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी मेहनत और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में जुट जाएं।

दिया कुमारी ने दावा किया कि विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र की सभी 22 सीटों पर भाजपा भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के लक्ष्य को लेकर लगातार आगे बढ़ रही है। विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में विकास के कार्य निरंतर किए गए हैं और अब जनता भी विकास की इस दिशा को समझ चुकी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता का विश्वास और समर्थन मिल रहा है। इसी विश्वास के आधार पर पार्टी निकाय चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि आगे भी जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास का सिलसिला इसी तरह जारी रहेगा।

उपमुख्यमंत्री ने युवा प्रत्याशियों को चुनाव में मौका दिए जाने का जिक्र करते हुए युवा पीढ़ी से भी राजनीति और जनसेवा में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र को और मजबूत करती है। साथ ही उन्होंने आमजन से अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की।

दिया कुमारी ने एक बार फिर विश्वास जताते हुए कहा कि विद्याधर नगर की 22 की 22 सीटों पर कमल का फूल खिलेगा और भाजपा के सभी प्रत्याशी भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करेंगे।