जयपुर:-मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जयपुर के सूचना केंद्र में आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुक्रवार को उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र और राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सुशासन, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल नवाचार, आधारभूत ढांचे के विकास और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में किए गए कार्यों को आमजन के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी अगले तीन दिनों तक लोगों के लिए खुली रहेगी।
इस बीच, सचिवालय में आयोजित एक समीक्षा बैठक में दिया कुमारी ने पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की 15 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ‘राइजिंग राजस्थान’ के तहत हुए निवेश समझौतों को जमीन पर उतारने पर जोर दिया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राजस्थान को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
अधिकारियों ने उन्हें पुष्कर विकास परियोजना, आमेर लाइट एंड साउंड शो, पर्यटन ऐप, महाराणा प्रताप सर्किट, जयपुर 300 वर्ष पहल, झुंझुनूं वार म्यूजियम, आमेर मास्टर प्लान और अन्य पर्यटन एवं विरासत संरक्षण परियोजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इसके अलावा अल्बर्ट हॉल विकास कार्य और शिल्पग्राम पुनर्विकास परियोजना की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन, संस्कृति और विरासत से जुड़ी परियोजनाएं राज्य की पहचान और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनके क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

