जोधपुर में विकास कार्यों को मिली रफ्तार: सांगरिया में ₹144.24 लाख की पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास,लूणी में विभागीय समीक्षा बैठक में सुशासन पर जोर

Jodhpur Rajasthan

जोधपुर, 24 नवंबर। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने सोमवार को विधानसभा क्षेत्र लूणी के सांगरिया में 144.24 लाख रुपये की पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास किया। रामदेव कॉलोनी स्थित बाबा रामदेव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समुचित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। मंत्री पटेल ने भरोसा दिलाया कि नई पेयजल पाइपलाइन परियोजनाओं के पूर्ण होने से रामदेव नगर, गणेश नगर, राधाकृष्णा विहार और अमरावती नगर में आगामी ग्रीष्म ऋतु तक बेहतर जल उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

उन्होंने बताया कि सांगरिया क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क, रोड़ लाइट, सीवरेज जैसी आधारभूत सुविधाओं को भी चरणबद्ध रूप से सुदृढ़ किया जा रहा है। उप-नगरीय सीमा की ग्राम पंचायतों में नगरीय सुविधाओं के विस्तार पर भी सरकार विशेष ध्यान दे रही है।

इसी क्रम में मंत्री पटेल की अध्यक्षता में पंचायत समिति लूणी के सभागार में राजस्व, पंचायती राज, ग्रामीण विकास, जोधपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में उन्होंने कहा कि सरकार जन कल्याण और सुशासन के संकल्प को मूर्त रूप देने के लिए बजट घोषणाओं की समयबद्ध क्रियान्विति सुनिश्चित कर रही है।

उन्होंने अधिकारियों को नवसृजित ग्राम पंचायतों के भवनों के लिए भूमि चिह्नित करने, एसआईआर कार्य को गंभीरता से संपादित करने, राजस्व रिकॉर्ड में छूटी सड़कों को दर्ज करने और जेडीए द्वारा सड़क निर्माण गुणवत्ता में सुधार करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बताया कि क्षेत्र की प्रमुख सड़कों का आधुनिकीकरण जारी है और बड़े कस्बों में अटल प्रगति पथ जैसी आधुनिक सड़कों का निर्माण तेज़ी से चल रहा है।

दोनों कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।