जोधपुर जिले की ग्राम पंचायत बोरानाडा में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने रविवार को 352.37 लाख रुपये की लागत से 14 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 131वां एपिसोड भी सुना।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार ने सर्वस्पर्शी विकास को समर्पित ऐतिहासिक बजट पेश किया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जल जीवन मिशन (शहरी) के तहत 5 हजार करोड़ रुपये की लागत से पेरी अर्बन क्षेत्रों के 6,245 गांवों में चरणबद्ध तरीके से पेयजल आपूर्ति के कार्य किए जाएंगे।
जोजरी नदी के पुनरुद्धार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रीटेड जल से सिंचाई और औद्योगिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पहले चरण में 50 करोड़ रुपये के कार्य प्रस्तावित हैं। साथ ही जोजरी, लूणी और बांडी नदियों में गिरने वाले ट्रीटेड जल को पाइपलाइन के जरिए पचपदरा रिफाइनरी तक पहुंचाने के लिए डीपीआर तैयार की जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों को बोरानाडा में जलापूर्ति की कार्ययोजना बनाने और सीवरेज लाइन के लिए सर्वे कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि बोरानाडा पीएचसी भवन के लिए भूमि आवंटन जल्द किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान बासनी सिलावटा से पीपली चौराहे तक रोड लाइट, सीसी सड़क निर्माण सहित विभिन्न कार्यों का लोकार्पण किया गया। ग्रामीणों ने नवसृजित ग्राम पंचायत बासनी सिलावटा और धन्ना भगत नगर को मिली सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला परिषद सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

