जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित ‘लोक कला संगम 2026’ कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदेश की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। यह आयोजन संस्कार भारती और कला एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राजस्थान की विविध लोक परंपराओं, लोक संगीत, लोक नृत्य और पारंपरिक कला रूपों की प्रस्तुतियां दी गईं। रंग-बिरंगी वेशभूषा और पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ कलाकारों ने प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को मंच पर जीवंत किया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि लोक कलाकारों की साधना और संस्कृति के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी तक सांस्कृतिक मूल्यों के संप्रेषण का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। साथ ही, उन्होंने लोक कलाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर संस्कार भारती के अखिल भारतीय महामंत्री डॉ. अश्विन दलवी, प्रांत अध्यक्ष डॉ. मधु तैलंग, प्रांत उपाध्यक्ष डॉ. प्रेम सिंह चारण, प्रांत महामंत्री बनवारी लाल चेजारा, क्षेत्र संगठन मंत्री विजय कुमार और राजस्थान क्षेत्र प्रमुख अरुण कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

