जयपुर में एचपीसीएल पाइपलाइन से डीजल चोरी का खुलासा,घर के अंदर बनाई गई सुरंग

Jaipur Rajasthan

जयपुर के भांकरोटा थाना क्षेत्र में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की पाइपलाइन से डीजल चोरी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोपी एक किराए के मकान में सुरंग बनाकर पाइपलाइन तक पहुंचे और उसमें छेद कर डीजल निकालने लगे।

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी राजेश को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी श्रवण फरार है। जानकारी के मुताबिक, श्रवण ने करीब डेढ़ महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था और पानी की बोतलों के कारोबार की आड़ में यह अवैध काम कर रहा था।

डीसीपी वेस्ट अमित कुमार ने बताया कि 6 जून को HPCL अधिकारियों ने पाइपलाइन में लीकेज की आशंका जताई थी। इसके बाद इलाके की जांच में इस मकान से जुड़ी संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। 10 जून को हुई छापेमारी में मकान के भीतर 25 फीट लंबी सुरंग और पाइपलाइन तक पहुंचने का रास्ता मिला।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पाइपलाइन में छेद कर डीजल निकालते थे और उसे बाजार में सस्ते दामों पर बेचते थे। घर के बाहर पानी की बोतलों की आड़ में यह काम चल रहा था ताकि किसी को शक न हो।

मकान के भीतर से एक पाइप पिकअप वाहन तक पहुंचाया गया था, जिसमें डीजल टैंक रखा गया था। पिकअप के सामने प्लास्टिक की बोतलें रखकर उसे पानी के व्यवसाय का रूप दिया गया था।

HPCL के अधिकारियों ने पाइपलाइन के प्रेशर में बार-बार कमी आने पर शक जताया था, जिसके बाद पुलिस ने इलाके में गश्त और जांच शुरू की।

फरार आरोपी श्रवण पूर्व में भी डीजल चोरी के मामले में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल पुलिस राजेश से पूछताछ कर रही है और एक पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है।