राजस्थान पुलिस के नए मुखिया के रूप में एसीबी के डीजी डॉ. रवि प्रकाश ने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया है। राजधानी जयपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
कार्यवाहक डीजीपी के रूप में नियुक्त रवि प्रकाश ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, “मैंने आज डीजीपी का चार्ज लिया है। मेरा सेवानिवृत्ति 30 जून को है, यानी मेरे पास 19 दिन हैं। इन 19 दिनों में मैं जो भी कर सकता हूं, पूरी निष्ठा से करूंगा।”
उन्होंने कहा कि प्रदेश में फिलहाल कानून व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक है और उनका प्रयास रहेगा कि यह कायम रहे। साथ ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को याद दिलाया कि “अपराधियों में भय और आमजन में विश्वास” का मूल मंत्र हमेशा उनके कार्य का मार्गदर्शन करता रहे।
इस मौके पर हाल ही में राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) के अध्यक्ष नियुक्त किए गए पूर्व डीजीपी उत्कल रंजन साहू भी मौजूद रहे। साहू ने कहा कि सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी उनके जन्मदिन (13 जून) से पहले दी है, इसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने बताया कि अब वह अपने नए दायित्व के अनुसार अधिकारियों से मुलाकात कर कार्य की जानकारी लेंगे।
गौरतलब है कि यूआर साहू, जो ओडिशा से हैं और 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं, फरवरी 2024 में राजस्थान के डीजीपी नियुक्त हुए थे। उनकी गिनती ईमानदार अफसरों में होती है। अब उनके स्थान पर एसीबी के डीजी रवि प्रकाश को डीजीपी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

