जयपुर के चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर से डिग्गी कल्याण जी की परंपरागत पदयात्रा बुधवार को पूरे धूमधाम के साथ रवाना हुई। इस अवसर पर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने ध्वज की विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ किया।
पदयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी देखी गई। शाही लवाजमे के साथ यात्रा में हाथी, घोड़े, ऊंट और बैंड-बाजे भी शामिल रहे। धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत इस यात्रा में शिव-पार्वती, हनुमान और राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकियों ने विशेष ध्यान खींचा।
कई श्रद्धालु भक्तिभाव में लीन होकर कनक दंडवत करते हुए भी पदयात्रा में शामिल नजर आए। रास्ते भर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्थानीय लोगों और संगठनों की ओर से जगह-जगह पानी, फल, ज्यूस और नाश्ते की सेवा स्टॉल लगाए गए।
हर साल की तरह इस बार भी यात्रा धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का जीवंत उदाहरण बनी।

