प्रतापगढ़/जयपुर, 07 मई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार सुबह प्रतापगढ़ के बम्बोरी ग्राम का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से आत्मीयता से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने गांव भ्रमण के दौरान बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया और उनके स्वास्थ्य, पेंशन एवं वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, जब बच्चों ने मुख्यमंत्री को अपना होमवर्क दिखाया और पढ़ाई के बारे में बात की, तो उन्होंने बच्चों को दुलार करते हुए चॉकलेट्स भी वितरित कीं। उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए अधिकाधिक संख्या में राजीविका से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने की चाय पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने गांव में भ्रमण के बाद ग्रामीणों के साथ चाय पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने बुजुर्गों एवं महिलाओं से संवाद किया तथा मूलभूत सुविधाओं से लेकर लोक कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा बताई गई समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के विकास के बिना देश और प्रदेश का समग्र विकास संभव नहीं है। जब तक गांवों के बीच जाकर लोगों से संवाद नहीं किया जाएगा, तब तक उनकी समस्याओं को पूर्ण रूप से समझा नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास चौपाल और ग्राम विकास रथ ‘विकसित राजस्थान’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में की गई महत्वपूर्ण पहल हैं।
मुख्यमंत्री ने गांव में स्थित गंगेश्वर महादेव मंदिर में सपत्नीक जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। साथ ही, उन्होंने लक्ष्मीनाथ जी मंदिर एवं चारभुजानाथ जी मंदिर में भी दर्शन किए। इस दौरान राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, सांसद सीपी जोशी, विधायक श्रीचंद कृपलानी भी साथ रहे।

