जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने दीपावली और भाई दूज के अवसर पर अलग-अलग कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने जयपुर के बालिका गृह से आई बेटियों के साथ अपने निवास पर दीपावली मनाई। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनियां और उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से मुलाकात कर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दीं।
बालिका गृह की बेटियों का अपने निवास पर स्वागत करते हुए दिया कुमारी ने उन्हें मिठाई खिलाई और दीपावली की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने बालिकाओं के साथ पटाखे जलाए और त्योहार की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ बिताए ये पल उनके लिए खास रहे। साथ ही ईश्वर से सभी बेटियों के सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके अलावा उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद सतीश पूनियां के निवास पहुंचीं। यहां उन्होंने उनसे मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। भाई दूज के अवसर पर तिलक लगाकर त्योहार की परंपरा भी निभाई और उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
वहीं, दिया कुमारी ने प्रदेश के दूसरे उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा से भी स्नेहिल मुलाकात की और उन्हें दीपावली की बधाई दी।
इन मुलाकातों और कार्यक्रमों के जरिए दिया कुमारी ने दीपावली के अवसर पर सामाजिक अपनत्व, पारिवारिक परंपराओं और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

