ओम बिरला ने पुराने कोटा के बाजारों में की दीपावली की राम-राम,बोले- व्यापार के साथ संस्कृति और परंपराओं के भी केंद्र हैं ये बाजार

Kota Rajasthan

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मंगलवार को दीपावली के अवसर पर पुराने कोटा के बाजारों में रामा-श्यामी करने पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और खरीदारी के लिए आए आमजन से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बाजारों में उत्सव जैसा माहौल नजर आया। जगह-जगह व्यापारियों और क्षेत्रवासियों ने पुष्पवर्षा, आतिशबाजी और फूलमालाओं से स्पीकर बिरला का स्वागत किया। बिरला ने भी हाथ जोड़कर सभी का अभिवादन किया और वरिष्ठजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।

स्पीकर बिरला ने उपभोक्ता सुपर मार्केट सब्जीमंडी से दीपावली मिलन की शुरुआत की। इसके बाद लिंक रोड, अग्रसेन बाजार, भैरू गली, बजाजखाना, पुरानी सब्जीमंडी, पुरानी धानमंडी, गांधी चौक, रामपुरा बाजार और आर्य समाज रोड होते हुए हिन्दू धर्मशाला तक व्यापारियों और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। इस दौरान दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से बाहर निकलकर बिरला का स्वागत करते नजर आए। कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने उनका अभिनंदन किया। बिरला ने व्यापारियों से कारोबार और बाजारों की स्थिति को लेकर भी चर्चा की।

इस अवसर पर स्पीकर बिरला ने कहा कि दीपावली का यह महापर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आया है। इस बार अन्नदाता किसानों की फसल अच्छी हुई है। दशहरा मेले में भी व्यापार बेहतर रहा और दीपावली पर बाजारों में अच्छी रौनक देखने को मिली। बाजारों की यह चहल-पहल हमारे व्यापारियों की मेहनत, लोगों के उत्साह और आर्थिक गतिविधियों में सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुराने बाजार केवल व्यापार के केंद्र नहीं, बल्कि हमारी परंपराओं, सामाजिक आत्मीयता और सांस्कृतिक पहचान के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। यहां पीढ़ियों से चली आ रही रामा-श्यामी की परंपरा समाज में प्रेम, विश्वास और आपसी संबंधों को मजबूत करती है।

दीपावली मिलन के दौरान स्पीकर बिरला का आत्मीय और सहज अंदाज भी देखने को मिला। अग्रसेन बाजार में व्यापारियों के आग्रह पर उन्होंने चाय का जायका लिया और उनके साथ बैठकर बातचीत की। वहीं बाजार भ्रमण के दौरान गोलगप्पों का स्वाद भी लिया। इस दौरान व्यापारियों और आमजन के साथ हंसी-मजाक तथा संवाद का सिलसिला चलता रहा। पुराने बाजारों में दीपावली की रामा-श्यामी की परंपरा के बीच उत्साह और अपनत्व का माहौल नजर आया।

वरिष्ठजनों की समस्याएं सुनीं
बाजार भ्रमण के दौरान स्पीकर बिरला ने अनेक वरिष्ठजनों से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान कुछ बुजुर्गों ने अपनी व्यक्तिगत और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उनके समक्ष रखीं। बिरला ने उनकी बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठजनों को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। जहां संभव हो, उनके घर पर ही आवश्यक सहायता और समाधान उपलब्ध कराया जाए।

वाल्मीकि सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार के निर्देश
क्षेत्रवासियों ने स्पीकर बिरला को महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन की मरम्मत और नवीनीकरण की आवश्यकता से भी अवगत कराया। इस पर बिरला ने संबंधित अधिकारियों को भवन के जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। इसके साथ ही पुराने बाजारों में पार्किंग व्यवस्था और सुलभ शौचालयों की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि पुराने शहर के बाजारों में व्यापारियों और खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए। इस दौरान महापौर अनुसुईया गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा नेता पंकज मेहता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी बंधु और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।