दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से कहा-‘हम सब एक हैं’,22 वार्डों में भाजपा की जीत का आह्वान

Jaipur Rajasthan

जयपुर में निकाय चुनाव के बीच उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के चुनावी अभियान को गति देने के साथ कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने चार वार्डों में भाजपा प्रत्याशियों के प्रधान चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया और पार्टी को सभी 22 वार्डों में जीत दिलाने का आह्वान किया।

दिया कुमारी ने वार्ड-8 से सुमन राकेश अग्रवाल, वार्ड-7 से पूजा शर्मा, वार्ड-14 से दिग्विजय सिंह और वार्ड-22 से वीरेन्द्र सिंह शेखावत के चुनाव कार्यालयों का उद्घाटन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चुनाव में सिर्फ प्रत्याशी ही नहीं, बल्कि पार्टी का हर कार्यकर्ता उम्मीदवार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एक-एक वोट को मतदान केंद्र तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से काम करने की अपील की।

उन्होंने कहा, “हम सब एक हैं और इसी एकजुटता के साथ चुनाव में उतरेंगे।” दिया कुमारी ने कार्यकर्ताओं से किसी के बहकावे में न आने और विद्याधर नगर की सभी 22 सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास को लेकर आने वाले समय में नई शुरुआत की जाएगी। इसके लिए वह ‘एक दिन, एक वार्ड’ कार्यक्रम के तहत वार्डों का दौरा करेंगी और पार्षदों व अधिकारियों के साथ मौके पर आम लोगों की समस्याएं सुनने की कोशिश करेंगी।

रघुवीर दास महाराज को दिया कुमारी ने दी श्रद्धांजलि

इसी दौरान दिया कुमारी ने विद्याधर नगर के वार्ड-16 स्थित श्री मंगलमुखी हनुमान मंदिर आश्रम में साकेतवासी महामंडलेश्वर योगीराज श्री रघुवीर दास महाराज की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

उन्होंने रघुवीर दास महाराज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मंदिर के महंत रामानंद दास महाराज तथा पुजारी रामलोचन दास महाराज से आशीर्वाद लिया।

दिया कुमारी ने कहा कि रघुवीर दास महाराज का आध्यात्मिक जीवन, तप, सेवा और उनके संस्कार समाज के लिए हमेशा प्रेरणा देते रहेंगे। उन्होंने भगवान श्रीराम और बजरंगबली से सभी के सुख, शांति और कल्याण की प्रार्थना की।