राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने रविवार को प्रदेश कांग्रेस की विस्तारित कार्यकारिणी बैठक में कहा कि संगठन में नेतृत्व बदलता रहता है, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि पार्टी मजबूत हो। मंच पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट और सीपी जोशी भी मौजूद थे।
डोटासरा ने भाजपा पर चुनाव आयोग के राजनीतिकरण का आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत और स्थानीय निकाय चुनावों में बड़े घोटाले की साजिश की जा रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बूथ लेवल एजेंट (BLA) की मजबूती पर जोर देने को कहा।
“मुख्यमंत्री बार-बार मुझे याद करते हैं, यह मेरा सौभाग्य”
बैठक से पहले मीडिया से बातचीत में विधानसभा नहीं जाने के सवाल पर डोटासरा ने कहा कि वह इसका जवाब बाद में देंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कटाक्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “यह मेरा सौभाग्य है कि मुख्यमंत्री बार-बार मुझे याद करते हैं।”
“दूसरी पार्टी के लिए काम करने वाले कांग्रेस में नहीं रहेंगे”
प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने बैठक में कहा कि राहुल गांधी ने निर्देश दिए हैं कि जो नेता दूसरी पार्टियों से मिलकर काम कर रहे हैं, उन्हें कांग्रेस से बाहर किया जाएगा। उन्होंने डोटासरा के विधानसभा में नहीं जाने के स्टैंड का समर्थन करते हुए कहा कि “नेता प्रतिपक्ष और डोटासरा के बीच अच्छा तालमेल है, विधानसभा अध्यक्ष को संयम रखना चाहिए था।”
“बीजेपी का सफाया करेगा कांग्रेस का भूचाल”
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि “कांग्रेस का भूचाल बीजेपी का सफाया करेगा।” उन्होंने कहा कि “बीजेपी की नीतियां जनता के सामने आ चुकी हैं और कांग्रेस मजबूती से काम कर रही है।”

