कोटा में दिवाली की रात शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने शहर के सरकारी विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने सरकारी आदेशों के तहत विद्यालयों में ‘प्रकाश उत्सव’ के आयोजन की स्थिति का जायज़ा लिया।
रात्रि करीब 10:30 बजे रंगबाड़ी योजना स्थित अपने निवास से रवाना हुए दिलावर सबसे पहले छावनी स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां स्कूल पूरी तरह रोशनी से जगमगा रहा था। इसके बाद उन्होंने नया नोहर और देवली अरब के विद्यालयों का निरीक्षण किया, जहाँ दीपदान और साफ-सफाई की उत्कृष्ट व्यवस्था देखी गई।
हालाँकि, जब मंत्री दल राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, इंदिरा गांधी नगर पहुँचा, तो वहाँ प्रकाश व्यवस्था नदारद मिली — न झालरें जलीं, न दीपक। इस पर मंत्री ने साथ मौजूद मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से नाराज़गी जताई और कारण पूछा कि आदेश के बावजूद विद्यालय में रोशनी क्यों नहीं की गई।
बाद में दिलावर ने विज्ञान नगर और महावीर नगर तृतीय स्थित विद्यालयों का भी निरीक्षण किया, जहाँ दीपोत्सव की पूरी तैयारी नज़र आई।
मंत्री ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षा के केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार और संस्कृति के भी प्रतीक हैं।”

